रास्ते के विवाद में जानलेवा हमला और लूटकांड का खुलासा, भटगांव पुलिस ने 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार।
गंभीर रूप से घायल हुए तीन पीड़ित, न्यायालय में पेश करने के बाद सभी आरोपी भेजे गए जेल।
मोहन प्रताप सिंह
छत्तीसगढ़ लाइव न्यूज़, सूरजपुर/:– भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मलगा में रास्ते के विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले और लूटपाट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 जुलाई 2026 को ग्राम मलगा निवासी राधेश्याम गुप्ता के भाई विनोद गुप्ता अपने साथियों सदा राम एवं अमल के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गुलाम के खेत के पास पहले से मौजूद आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और देखते ही देखते सभी ने एकजुट होकर लाठी-डंडों, मुक्कों तथा लोहे के धारदार साबर से हमला कर दिया।
हमले में विनोद गुप्ता, सदा राम और अमल गंभीर रूप से घायल हो गए। शिकायत के अनुसार मारपीट के बाद आरोपियों ने घायल पड़े पीड़ितों की जेब में रखी नकदी भी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकीय परीक्षण एवं एक्स-रे रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या के प्रयास, लूट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद 1 अगस्त 2026 को सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मतिलुन मोह. (49), मोह. जाहिद (42), एजाज मोह. (28), मोह. मुबारक (40), मोह. अख्तर उर्फ लड्डू (20), रहमत (25), मोह. फरीद (36) तथा अख्तर उर्फ फाउदा (32) सभी निवासी ग्राम मलगा शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
