सोनू कुमार चौधरी /छत्तीसगढ़ लाइव न्यूज़ सूरजपुर
डीएवी स्कूल की ओर से आ रही बाइक स्पीड ब्रेकर पर हुई अनियंत्रित, सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक से टक्कर

सूरजपुर -भटगांव क्षेत्र में एस ई सीएल जीएम कार्यालय के पास सोनू इलेक्ट्रॉनिक्स के सामने हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। तेज रफ्तार मालवाहक वाहन और बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत में दो 13 वर्षीय बालिकाएं हादसे का शिकार हो गईं।
दुर्घटना में रितिका पिता रामसाय, उम्र 13 वर्ष, निवासी तिलसुआपारा भटगांव की मौत हो गई, जबकि वर्षा राजवाड़े पिता संतोष राजवाड़े, उम्र 13 वर्ष, निवासी दुग्गा गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों बालिकाएं बाइक क्रमांक CG 15 DK3307 से डीएवी स्कूल की ओर से आ रही थीं। वहीं मालवाहक ट्रक क्रमांक CG 29 AH 5148 जगन्नाथपुर से सीएचपी की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दोनों वाहनों की तेज रफ्तार बनी हादसे की मुख्य वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय दोनों ओर से आ रहे वाहनों की गति काफी तेज थी। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से कुछ दूरी पहले बने स्पीड ब्रेकर से गुजरते समय बाइक तेज रफ्तार में होने के कारण अनबैलेंस हो गई और दूसरी ओर चली गई, इसी दौरान सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार के साथ स्पीड ब्रेकर के आसपास पर्याप्त सावधानी नहीं बरती जाना भी हादसे को गंभीर बनाने वाला कारण हो सकता है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मंदिर दर्शन के लिए निकली थीं दोनों बालिकाएं
हादसे के बाद घटनास्थल से मिले सामान और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों बालिकाएं मंदिर जाने के लिए निकली थीं। मौके पर एक पॉलीथिन में अगरबत्ती और पूजा सामग्री भी मिली है। मासूम बालिकाओं के मंदिर जाने के रास्ते में हुए इस हादसे ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल बालिका को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार के कारण एक मासूम की जिंदगी खत्म होने और दूसरी के गंभीर रूप से घायल होने की इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर गति नियंत्रण और स्पीड ब्रेकर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
