
कभी बहुजन समाज पार्टी में नंबर दो के नेता रहे स्वामी प्रसाद मौर्य राजनीति के नये अवसर तलाशने में जुटे हुए हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी का दामन छोड़कर समाजवादी पार्टी की साइकिल पर सवारी करने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य फ़िलहाल अपनी सियासी जमीन तलाश रहे हैं. 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर वे नए समीकरण में अपनी गोटी बैठाने में जुटे हैं. इसी क्रम में स्वामी प्रसाद मौर्य ने नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के मुखिया चंद्रशेखर आजाद से मुलाकात की. इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं.
दरअसल, चंद्रशेखर आजाद 2027 विधानसभा चुनाव से पहले प्रत्याशियों का इंटरव्यू ले रहे हैं. इसी दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य ने उनसे मुलाकात की. जिसके बाद सियासी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई कि स्वामी प्रसाद मौर्य चंद्रशेखर आजाद की पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी को अपने तीसरे मोर्चे में शामिल करना चाहते हैं. चंद्रशेखर आजाद भी कह चुके हैं कि उनकी पार्टी किसी बड़े दल से गठबंधन नहीं करेगी. ऐसे स्वामी प्रसाद मौर्य की उनसे मुलाक़ात नया सियासी संकेत की तरह है.
