*भटगांव की खदानों में एसईसीएल निदेशक ने परखी जमीनी हकीकत
सोनू कुमार चौधरी /छत्तीसगढ़ लाइव न्यूज़

सूरजपुर/:–* एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी) संचालन एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने भटगांव क्षेत्र का दौरा कर जगन्नाथपुर ओसीएम, महान-2 खदान की क्लोजर गतिविधियों एवं क्षेत्र की परिचालन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। दौरे के दौरान उन्होंने खनन कार्यों की प्रगति के साथ कोयला परिवहन एवं डिस्पैच व्यवस्था की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
बेहतर उत्पादन के लिए मशीनरी के अधिकतम उपयोग पर जोर
निदेशक (तकनीकी) संचालन ने मशीनरी का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करते हुए निर्बाध उत्पादन और बेहतर परिचालन समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने उत्पादन एवं डिस्पैच लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी स्तरों पर आवश्यक समन्वय और सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मानसून में डी-वाटरिंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती
मानसून के मद्देनजर उन्होंने प्रभावी डी-वाटरिंग व्यवस्था, हॉल रोड के समुचित रखरखाव तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। खदानों में सुरक्षित एवं सुचारु परिचालन के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए गए।
महान-2 खदान की क्लोजर गतिविधियां समयबद्ध पूरी करने के निर्देश
निदेशक ने महान-2 खदान की क्लोजर गतिविधियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को परिचालन से जुड़े कार्यों में बेहतर तालमेल बनाए रखने तथा कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
